रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे कासगंज से बरेली जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक नाबालिग युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र बदायूं में मृतक की पहचान मनोज (15) पुत्र राजाराम, निवासी रहमुदीन नगर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मनोज रविवार सुबह करीब 9 बजे अपनी ननिहाल से घर लौटा था, जिसके बाद वह खेत देखने चला गया। उसका खेत रहमुदीन नगर और गठौना गांव के बीच रेलवे लाइन के पास स्थित है।
ग्रामीणों ने बताया कि मनोज को कम सुनाई देता था। आशंका जताई जा रही है कि वह खेत जाते समय रेलवे लाइन पार कर रहा था और ट्रेन की आवाज न सुन पाने के कारण उसकी चपेट में आ गया।

ट्रेन से किसी व्यक्ति के कटने की सूचना मिलने पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान मनोज के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) मौके पर पहुंच गया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।