केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाएगा। शनिवार को केंद्रीय पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने प्रस्तावक के रूप में उनका नामांकन कराया। पंकज चौधरी महाराजगंज लोकसभा सीट से सात बार सांसद रह चुके हैं और लगातार दो बार से केंद्र सरकार में राज्य मंत्री हैं।
यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर नाम तय हो गया है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस का विश्वासपात्र माना जाता है। कुर्मी समाज से ताल्लुक रखने वाले पंकज चौधरी को अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने अहम राजनीतिक कदम उठाया है। इससे सपा के पीडीए फॉर्मूले को संतुलित करने के साथ-साथ पिछड़े वर्ग को जोड़ने की रणनीति अपनाई गई है।

पंकज चौधरी सात बार सांसद रह चुके हैं और उनके पास लगभग चार दशकों का राजनीतिक अनुभव है। पंचायत चुनावों से लेकर 2027 के विधानसभा चुनाव तक पार्टी को मजबूती देने की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर होगी।
सामान्य तौर पर भाजपा में क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने की परंपरा रही है, लेकिन इस बार पार्टी में एक नया प्रयोग देखने को मिल रहा है। यह पहली बार है जब सरकार और संगठन दोनों की कमान एक ही जिले से होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विधानसभा क्षेत्र गोरखपुर है और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी गोरखपुर के ही निवासी हैं।
पंकज चौधरी गोरखपुर नगर निगम में उप-महापौर के पद पर रह चुके हैं। वे गोरखपुर मंडल के महराजगंज लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। इससे पूर्वांचल की राजनीतिक पकड़ मजबूत होगी और गोरखपुर में भाजपा की राजनीति को नई दिशा मिलने की संभावना है