कछला (बदायूं)। कछला क्षेत्र के राधेलाल इंटर कॉलेज के इंटरमीडिएट छात्रों ने परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। छात्रों का आरोप है कि एग्रीकल्चर वर्ग की परीक्षा 10वीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं पर कराई गई, जिससे उनके भविष्य पर संकट मंडरा रहा है।
जानकारी के अनुसार, राधेलाल इंटर कॉलेज के एग्रीकल्चर वर्ग के इंटरमीडिएट छात्रों का परीक्षा केंद्र मुजरिया चौकी क्षेत्र के अलीगंज स्थित एक कॉलेज में निर्धारित किया गया है। शनिवार को एग्रोनॉमी प्रथम विषय की परीक्षा के दौरान छात्रों को गलती से हाईस्कूल (कक्षा 10) की उत्तर पुस्तिकाएं वितरित कर दी गईं।
छात्रों का कहना है कि कॉपी पर कक्षा अंकित देखकर उन्होंने तुरंत कक्ष निरीक्षक और संबंधित शिक्षकों को अवगत कराया, लेकिन उनकी आपत्ति को नजरअंदाज कर दिया गया। आरोप है कि शिक्षकों ने कॉपियां बदलने के बजाय उसी पर परीक्षा देने के निर्देश दे दिए।
अब छात्रों में इस बात को लेकर डर बना हुआ है कि 10वीं कक्षा की उत्तर पुस्तिका पर दी गई परीक्षा मूल्यांकन के दौरान अमान्य घोषित हो सकती है, जिससे वे बिना गलती के फेल हो सकते हैं।

इस मामले में छात्र प्रेमचन्द्र, मोहित बघेल, सुमित, प्रवीण कुमार और संदीप चौहान समेत कई विद्यार्थियों ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर जांच की मांग की है। छात्रों ने प्रशासन से अपील की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उनके भविष्य के साथ किसी प्रकार का अन्याय न होने दिया जाए।
प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार
अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस गंभीर लापरवाही पर क्या कदम उठाता है और छात्रों को न्याय कब तक मिलता है।