बदायूं में हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) प्लांट में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी अजय प्रताप उर्फ रामू के खिलाफ लगातार शिकंजा कसता जा रहा है।बही एसएसपी अंकिता शर्मा ने एचपीसील का दौरा किया

मामले में गड़बड़ी पाए जाने पर प्रशासन ने आरोपी की मां किरन देवी के नाम से चल रहे राशन कोटे को भी सस्पेंड कर दिया है।
वहीं मूसाझाग क्षेत्र में सड़क किनारे बनी आरोपी की छह दुकानों की लोक निर्माण विभाग की टीम ने पैमाइश की। जांच में दुकानों का निर्माण सड़क की सरकारी जमीन पर पाया गया। प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की तैयारी करते हुए दुकानों पर जल्द बुलडोजर चलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पैमाइश के बाद अतिक्रमण की पुष्टि हो गई है। संबंधित लोगों को नोटिस भेज दिया गया है और जल्द ही सड़क की जमीन को खाली कराया जाएगा।
इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए योगी आदित्यनाथ ने जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एच पी सी एल प्लांट परिसर में पुलिस चौकी भी स्थापित की जाएगी।
घटना के बाद पुलिस महकमे में भी बड़ा फेरबदल हुआ है। पहले बदायूं के एसएसपी डाक्टर ब्रिजेश सिंह को हटाया गया था। अब उझानी सर्किल के सीओ डाक्टर देवेन्द्र कुमार को भी हटाकर डीजीपी कार्यालय से अटैच कर दिया गया है।
उनकी जगह यूपी-112 में तैनात राहुल पांडे को उझानी सर्किल का नया सीओ बनाया गया है। मूसाझाग थाना इसी सर्किल के अंतर्गत आता है, जहां स्थित एच पी सी एल प्लांट में यह सनसनीखेज डबल मर्डर की वारदात हुई थी।
प्रशासन और पुलिस की लगातार हो रही कार्रवाई से साफ है कि इस मामले में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।