उझानी (बदायूं)। उझानी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला श्री नारायण गंज में महात्मा गांधी पालिका इंटर कॉलेज के मैदान के सामने बने नाले में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी बुधवार सुबह उस समय हुई जब राहगीर सड़क से गुजर रहे थे। उन्होंने नाले में एक युवक का शव पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाया। पुलिस ने युवक की पैंट की जेब से मिले पते के आधार पर उसकी पहचान की। वहीं आसपास के लोगों ने भी शव की पहचान कर ली।
मृतक की पहचान सेवाराम पुत्र नवाब सिंह निवासी ग्राम बेनिनगला के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार सेवाराम मंडी में पल्लेदारी का काम करता था। चर्चा है कि संभवतः वह नशे की हालत में नाले में गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई।

बताया जाता है कि सेवाराम के तीन पुत्र और दो बेटियां हैं। इनमें एक बेटे और दो बेटियों की शादी हो चुकी है।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। शव को देखकर परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।