उझानी। कोतवाली क्षेत्र में बीती रात एक युवक को अज्ञात लोगों द्वारा अगवा करने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। युवक बाद में गांव भगवतीपुर के पास हाईवे किनारे बेहोशी की हालत में मिला।
जानकारी के अनुसार अंकित पुत्र लाखन निवासी अद्दोली बीती रात करीब एक बजे अपने ट्रैक्टर से आलू की तुलाई करके घर लौटा था। खाना खाने के बाद उसने ट्रैक्टर घर के बाहर खड़ा किया और सोने चला गया। कुछ देर बाद ट्रैक्टर की तरफ से खटपट की आवाज आई। आवाज सुनकर अंकित ट्रैक्टर देखने बाहर पहुंचा।

आरोप है कि इसी दौरान पीछे से कुछ लोगों ने अंकित का मुंह कपड़े से ढक दिया और उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गए। किसी कारणवश अंकित गांव भगवतीपुर के पास पहुंच गया। थोड़ी होश की हालत में अंकित ने अपने मोबाइल से घर फोन कर बताया कि वह भगवतीपुर गांव के पास है।
सूचना मिलते ही परिजन मोटरसाइकिल से मौके की ओर दौड़े। भगवतीपुर के पास हाईवे किनारे अंकित बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। परिजन उसे घर ले आए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। परिजनों का कहना है कि जब अंकित को पूरी तरह होश आ जाएगा, तब उसे कोतवाली ले जाकर पूरी जानकारी दी जाएगी।