बदायूं। जनपद में हिंदुस्तान पेट्रोलियम के दो अधिकारियों की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फैसला लिया गया है। घटना को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने के बाद एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह को हटा दिया गया है।
बताया जाता है कि मूसाझाग क्षेत्र के सैजनी गांव स्थित एचपीसीएल के सीबीजी (कंप्रेस्ड बायो गैस) प्लांट पर गुरुवार को दिनदहाड़े उप महाप्रबंधक (डीजीएम) और डिप्टी मैनेजर की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे जिले में हड़कंप मच गया था।
घटना के बाद मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने पर शासन ने कड़ा कदम उठाते हुए बदायूं के एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह का तबादला कर दिया। उन्हें पुलिस मुख्यालय में लॉजिस्टिक विभाग में तैनाती दी गई है।
वहीं कासगंज की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा को बदायूं का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नियुक्त किया गया है। अंकिता शर्मा अब बदायूं की कानून-व्यवस्था की कमान संभालेंगी।

प्रशासन का मानना है कि इस बदलाव से जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा तथा दोहरे हत्याकांड के मामले में जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने के बाद शासन ने यह फैसला लिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए सरकार ने तत्काल प्रभाव से एसएसपी को हटा दिया।